लोहाघाट। नगर में यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस, नगर पालिका, व्यापार मंडल और लोगों की बैठक हुई। इस दौरान पुलिस ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बुधवार को लोहाघाट पुलिस थाने में थाना प्रभारी अशोक कुमार ने नगर पालिका के ईओ सौरभ नेगी, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया, निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, यातायात निरीक्षक हयात सिंह के साथ नगर के लोगों के साथ बैठक की। जिसमें यातायात व्यवस्था को सही करने पर लोगों की राय ली। जिस पर कुछ लोगों ने कहा कि अगर वन वे व्यवस्था लागू हो जाती तो नगर में जाम से कई हद तक निजात मिल सकती है। हालांकि कुछ व्यापारियों ने इसको व्यवहारिक नहीं माना। लोगों ने नगर पालिका भवन के पास बनाए गए पार्किंग स्थल को भी शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि शादी बारातों के कारण वाहनों को खड़े करने की जगह नहीं मिल रही है, जिस कारण उनका चालान भी हो रहा है। निर्णय लिया गया कि ट्रांसपोर्ट का सामान सुबह 10 बजे से तीन बजे तक नहीं उतारा जाएगा, चम्पावत की ओर जाने वाली रुटिन की टैक्सियां मुख्य सड़क पर खड़ी होंगी, स्कूल बस के समय नगर में भारी वाहनों पर प्रतिबंध होगा। थाना प्रभारी ने बताया कि लोग अपने वाहन दमकल विभाग कार्यालय के पीछे, नगर पालिका बारात घर, शितला माता मंदिर के पास,मायावती मार्ग,पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर सकते हैं। इस मौके पर व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दिनेश सुतेड़ी, महामंत्री विवेक ओली, राजू गड़कोटी, लीलांबर गहतोड़ी, मनोज जोशी, राजू सार्की, मनोज खर्कवाल, कैलाश मेहता आदि मौजूद रहे।






















Leave a comment