
लोहाघाट। नगर व्यापार मंडल ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर एसडीएम के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा। इस दौरान उन्होंने गैस सिलेंडरों की कमी से व्यवसाय पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव के बारे में जानकारी दी।
बुधवार को नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया के नेतृत्व में नगर व्यापार मंडल ने एसडीएम नीतू डांगर के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा। जिसमें उन्होंने कहा कि कुछ समय से लोहाघाट नगर और आसपास के क्षेत्रों में व्यावसायिक रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत बनी हुई है। जिसके कारण स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को अत्यधिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गैस की कमी के कारण पर्यटन पर संकट मंडरा गया है। दूर-दराज से आने वाले लोगों को समय पर भोजन नहीं मिल पा रहा है। जिससे क्षेत्र की छवि भी धूमिल हो रही है और व्यापार पूरी तरह से चौपट हो गया है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि गैस एजेंसियों को व्यावसायिक सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु कड़े निर्देश दिए जाए। उन्होंने कहा कि अगर आपूर्ति के पीछे कालाबाजारी या कृत्रिम अभाव है तो उसकी जांच भी की जाए। इस मौके पर व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दिनेश सुतेड़ी, महामंत्री विवेक ओली आदि मौजूद रहे।






















Leave a comment