
लोहाघाट। बिशंग महोत्सव की अंतिम स्टार नाईट में नेपाल के प्रसिद्ध गायक चक्र बम और उत्तराखंड की लोकगायिका प्रियंका महर ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा। इस दौरान बिशंग में एतिहासिक भीड़ ने स्टार नाइट का लुत्फ उठाया।
जीआईसी कर्णकरायत प्रांगण में महोत्सव समिति के अध्यक्ष राकेश सिंह करायत की अध्यक्षता पर मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल रहे। उन्होंने महोत्सव को भव्य बनाने में महोत्सव समिति के प्रयासों की सराहना की। महोत्सव में नेपाल से आए प्रसिद्ध गायक चक्र बम ने भजन, होली, नेपाली और कुमाऊनी गीतों से रंग भर दिया। गायक बम दर्शकों के बीच जाकर गाने लगे। इसी दौरान उत्तराखंड की मशहूर गायिका प्रियंका महर ने बैड़ो पाकौ बार मास… से गीतों की शुरूआत की। प्रियंका ने कई मिक्स गीतों की प्रस्तुति देकर समां बाधा। महोत्सव समिति अध्यक्ष राकेश सिंह करायत ने बताया कि आने वाले सालों में महोत्सव को बड़ा रुप दिया जाएगा। संचालन डॉ. महेश ढेक ने किया। इस मौके पर महोत्सव समिति के बृजेश माहरा, पवन करायत, हरीश मुरारी, नीतिन मुरारी, देवेन्द्र बोहरा,श्याम ढेक, माही करायत, इंदर ढेक, राजू फर्त्याल, दीपक करायत,सोम करायत, रोहन बिष्ट, नीरज फर्त्याल, सागर ढेक, भुवन महरा, दीपक करायत आदि मौजूद रहे।





















Leave a comment