लोहाघाट। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) लोहाघाट में माध्यमिक स्तर के विज्ञान एवं गणित शिक्षकों की आई-राइज (Inspiring India in Research Innovation and STEM Education) कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन विशिष्ट अतिथि एवं भौतिक विज्ञान के प्रधानाचार्य जीआईसी लोहाघाट घनश्याम भट्ट, डायट प्राचार्य दिनेश खेतवाल, वरिष्ठ प्रवक्ता श्रीकृष्ण सिंह ऐरी, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कमल गहतोड़ी तथा सह-समन्वयक डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला में जिले के चारों विकासखंडों से 60 विज्ञान एवं गणित शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं। आईसर पुणे और आई-राइज की ओर से शिक्षकों के लिए स्टेम एजुकेशन आधारित 60 किट उपलब्ध कराई गई हैं। इन किटों के माध्यम से 12 सत्रों में शिक्षकों को विभिन्न विषयों पर छोटे-छोटे प्रयोगों के जरिए व्यावहारिक एवं नवाचार आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान इकोसिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिज्म, मैथमेटिकल इंडक्शन, त्रिकोणमिति, फूड, इलेक्ट्रिक सर्किट, नंबर थ्योरी, केमिस्ट्री अराउंड अस और साउंड सहित विभिन्न विषयों पर गतिविधियां कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य शिक्षकों में विज्ञान एवं गणित को प्रयोगात्मक और रोचक तरीके से पढ़ाने की दक्षता विकसित करना है, ताकि इसका लाभ सीधे विद्यार्थियों तक पहुंच सके।
कार्यक्रम में ब्रिटिश काउंसिल, रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री, टाटा ट्रस्ट, टाटा टेक्नोलॉजीज तथा भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय सहित विभिन्न संस्थाओं का विशेष सहयोग रहा है। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कमल गहतोड़ी ने बताया कि वर्ष 2024 से 2026 तक जिले में करीब 180 शिक्षकों को इनोवेशन स्टार के रूप में तैयार किया जा चुका है। वहीं अनीस अहमद, पारस जुकरिया, बेला रानी, नेहा जोशी, पवन कुमार और कमल कापड़ी इनोवेशन चैंपियन के रूप में प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहयोग दे रहे हैं।डायट प्राचार्य दिनेश खेतवाल और जीआईसी लोहाघाट के प्रधानाचार्य घनश्याम भट्ट ने शिक्षकों से विज्ञान एवं गणित को प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए अधिक रुचिकर बनाने तथा प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को कक्षा-कक्ष तक पहुंचाने का आह्वान किया।
























Leave a comment