लोहाघाट। नगर व्यापार मंडल ने नगर क्षेत्र में बिना जीएसटी और एफएसएसएआई प्रमाणपत्र के अवैध रूप से व्यापार कर रहे बाहरी व्यापारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मंडल की टीम ने नगर में अवैध रुप से दाल बेच रहे एक व्यक्ति को पकड़कर सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया।
सोमवार को नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया के नेतृत्व में महामंत्री विवेक ओली, उपाध्यक्ष दिनेश सुतेड़ी और व्यापारी बृजेश माहरा ने क्षेत्र में निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि एक व्यक्ति नगर और आसपास के क्षेत्रों में बिना किसी वैध पंजीकरण के खुले आम दाल आदि बेच रहा था। पूछताछ के दौरान जब उससे जीएसटी और एफएसएसएआई प्रमाणपत्र मांगे गए तो वह कुछ नहीं दिखा सका। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियां न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि इससे स्थानीय व्यापारियों को भी आर्थिक नुकसान हो रहा है। मंडल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि संबंधित व्यक्ति भविष्य में बिना पंजीकरण के व्यापार करता पाया गया, तो उसके खिलाफ संबंधित विभागों के माध्यम से सख्त कार्रवाई करवाई जाएगी। व्यापार मंडल ने कहा कि नगर में कई लोग बर्तन, कंबल, दाल, चावल आदि का व्यापार भी अवैध रुप से कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से भी अनुरोध किया है कि नगर में चल रहे ऐसे अवैध कारोबार पर कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा हो सके।






















Leave a comment