
लोहाघाट। नगर निकाय चुनाव में नगर पालिका में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी गोविंद वर्मा की बंपर जीत का श्रेय लोगों ने विनम्र स्वभाव और जनता से सीधा संवाद बताया। इसके साथ ही भाजपा का बेहतरीन टीम वर्क और दमदार बूथ मैनजमेंट से जीत में मदद मिली।
नगर निकाय चुनाव में वर्ष 2013 में भाजपा अध्यक्ष पद से विजयी प्रत्याशी गोविंद वर्मा की पत्नी लता वर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी रमा वर्मा को 694 मतों से हराया था। तब गोविंद ने भविष्य के लिए रणनीति बना दी। उन्होंने अपने मधुर व्यवहार का परिचय घर-घर तक पहुंचाया। इसी के चलते वर्ष 2018 में गोविंद वर्मा ने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा। हालांकि तब भाजपा से टिकट न मिलने के कारण गोविंद बतौर निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में चुनाव मैदान में कूदे। जिसमें उन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिला। तब उन्होंने भाजपा प्रत्याशी दीपक ओली को 157 वोट से पराजित किया। इस बार भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने ओबीसी सीट होने के बावजूद भी गोविंद की लोकप्रियता को देखते हुए अध्यक्ष पद से टिकट दे दिया। जिसमें जनता ने गोविंद को भरपूर समर्थन दिया। वर्मा ने अपनी जीत के बाद कहा कि नगर की जनता ने मेरा साथ दिया है। जिसमें हमेशा उनकी आशाओं के अनुकूल कार्य करुंगा। उन्होंने कहा कि सीएम धामी की आदर्श जिला बनाने की अवधारणा को लेकर नगर में विकास कार्य होंगे। उन्होंने अपनी जीत पर नगर की समस्त जनता, सीएम धामी और समस्त भाजपा परिवार का आभार जताया।





















Leave a comment