लोहाघाट। विकास खंड लोहाघाट में नेपाल सीमा आपदा पीड़ितों को राहत देने के लिए व्यापार मंडल के साथ अन्य बाहर के लोग भी आगे आये हैं। इसी के चलते व्यापार मंडल ग्रुप में शामिल मुक्तेश्वर के युवा अतुल कुमार बिष्ट ने भी अपना सहयोग दिया है।
व्यापार मंडल महामंत्री विवेक ओली ने बताया कि जब व्हाट्सएप में व्यापार मंडल लोहाघाट के रजिस्टर्ड व्यापारियों के लिए ग्रुप बनाया जा रहा था। तब अनजाने में मुक्तेश्वर के युवा अतुल कुमार बिष्ट का नम्बर भी ग्रुप में जुड़ गया। महामंत्री ओली ने बताया कि नेपाल सीमा में भारी बारिश के बाद जनहानि के साथ क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ। तब व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दिनेश सुतेड़ी दानू आदि सभी सदस्यों ने आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए कदम उठाया। जिसमें व्यापारियों ने अपनी क्षमता अनुसार व्यापार मंडल के खाते में सहायता के लिए रुपया जमा करना शुरू किया। जिसमें व्यापारियों ने प्रथम चरण में गुरुवार को डनगाँव, कायल, नकेला आदि आपदाग्रस्त क्षेत्रों में राहत सामग्री भिजवाई।
व्यापारियों की सहायता देख ग्रुप में शामिल मुक्तेश्वर के अतुल कुमार बिष्ट ने भी आपदा पीड़ितों की सहायता में 25 सौ रुपया व्यापारियों के कोष में जमा कर दिया। महामंत्री विवेक ओली ने बताया कि जब उनसे बात हुई तो वह मुक्तेश्वर के रहने वाले हैं। जिनका लोहाघाट व्यापार मंडल से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। ओली ने बताया कि अगर कोई कार्य नेक इरादे से किया जाए तो ऊपर नीली छतरी वाला भी कुछ ऐसा करता है कि हम कल्पना भी नही कर सकते। व्यापार मंडल के व्हाट्सएप ग्रुप में अनजाने और इत्तफाक से जोड़े अतुल कुमार बिष्ट के एक नम्बर ने भी आपदाग्रस्त क्षेत्र के लोगों की सहायता कर एक नेक काम किया है। जिसके लिए व्यापार मंडल उनका आभार प्रकट करता है।






















Leave a comment